सतीशन ने तिरुवनंतपुरम में पिनराई विजयन व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चेन्निथला से मुलाकात की

सतीशन ने तिरुवनंतपुरम में पिनराई विजयन व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चेन्निथला से मुलाकात की

सतीशन ने तिरुवनंतपुरम में पिनराई विजयन व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चेन्निथला से मुलाकात की
Modified Date: May 15, 2026 / 01:24 pm IST
Published Date: May 15, 2026 1:24 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 15 मई (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री बनने जा रहे, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी.डी. सतीशन शुक्रवार को अपने पूर्ववर्ती पिनराई विजयन और पार्टी के वरिष्ठ सहयोगी रमेश चेन्निथला से यहां उनके आवासों पर मिले।

कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री के तौर पर नामित किए जाने के बाद से सतीशन बृहस्पतिवार से ही वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं।

सतीशन दोपहर लगभग सवा 12 बजे विजयन के आवास पहुंचे। विजयन और उनके परिवार ने बाहर आकर उनका स्वागत किया, जिसके बाद दोनों नेताओं ने अंदर जाकर बातचीत की। विजयन, सतीशन का हाथ पकड़कर उन्हें घर के भीतर ले गए।

चाय की चुस्कियों के बीच दोनों ने स्वास्थ्य और खानपान को लेकर भी बातचीत की। विजयन इस दौरान ग्रीन टी पी रहे थे। सतीशन ने विजयन की अनुशासित जीवनशैली की तारीफ की।

एलडीएफ की सत्ता जाने के बाद विजयन ने सरकारी आवास खाली कर दिया था और हाल ही में ‘बेकरी जंक्शन’ पर एक मकान किराए पर लिया है।

सतीशन 2021 से 2026 तक विजयन के दूसरे कार्यकाल में केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे। अब जब सतीशन मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने जा रहे हैं, तो मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायक दल के नेता चुने गए विजयन के विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने की संभावना है।

इस बीच, सतीशन ने चेन्निथला से भी उनके आवास पर बैठक की।

सतीशन और चेन्निथला दोनों मुख्यमंत्री पद की दौड़ में थे। कांग्रेस द्वारा सतीशन को अगला मुख्यमंत्री घोषित किए जाने के बाद, चेन्निथला बृहस्पतिवार को तिरुवनंतपुरम स्थित अपने आवास से निकलकर गुरुवायुर चले गए। वह शुक्रवार सुबह राजधानी लौटे।

सतीशन को सुबह 11 बजे चेन्निथला के आवास पर जाना था, लेकिन चेन्निथला के अपने करीबी पार्टी नेताओं के साथ बाहर जाने के कारण मुलाकात में देरी हुई।

विजयन से मुलाकात के बाद, सतीशन चेन्निथला के आवास पर गए। वरिष्ठ नेता ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद दोनों ने चर्चा की।

इस बैठक में कांग्रेस नेता अनवर सादात, अबिन वर्की, वी टी बलराम और जोसेफ वाझक्कन भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद, सतीशन ने चेन्निथला को अपना नेता और पार्टी का एक वरिष्ठ नेता बताया था।

भाषा

खारी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में