जजों के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों की जांच के लिए प्रणाली के आग्रह वाली अर्जी को सुनेगा न्यायालय

Ads

जजों के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों की जांच के लिए प्रणाली के आग्रह वाली अर्जी को सुनेगा न्यायालय

  •  
  • Publish Date - August 30, 2022 / 08:43 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:55 PM IST

नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि वह न्यायिक अधिकारियों और वर्तमान तथा सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों की जांच के लिए प्रणाली बनाने की एक याचिका पर 15 नवंबर को सुनवाई करेगा।

न्यायमूर्ति एस के कौल की अध्यक्षता वाली पीठ ने शीर्ष अदालत के महासचिव से इस मामले के संबंध में न्यायपालिका द्वारा अपनाई जाने वाली मौजूदा प्रणाली पर उनका रुख रखने को कहा।

याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह ने अदालत से कहा कि वह मामले में कुछ अतिरिक्त सामग्री रखना चाहती हैं।

पीठ में न्यायमूर्ति ए एस ओका और न्यायमूर्ति विक्रमनाथ भी शामिल रहे। पीठ ने मामले में निर्देश देने के लिए 15 नवंबर की तारीख तय की।

जयसिंह ने पीठ से कहा कि शीर्ष अदालत ने याचिका में एक आवेदन पर पहले नोटिस जारी किया था। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि शीर्ष अदालत के महासचिव इस मुद्दे पर अदालत के समक्ष अपना रुख रखें।

भाषा वैभव पवनेश

पवनेश