फॉर्म लौटाने पर विद्यालय में प्रधानाचार्य को लाठी से पीटा, मामला दर्ज
फॉर्म लौटाने पर विद्यालय में प्रधानाचार्य को लाठी से पीटा, मामला दर्ज
जयपुर, 24 फरवरी (भाषा) बीकानेर जिले के कुनपालमर गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जाति प्रमाणपत्र के अधूरे फॉर्म को लौटाने पर युवक ने कार्यवाहक प्रधानाचार्य को कथित तौर पर लाठी से पीटा। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि युवक ने स्कूल कार्यालय में घुसकर गाली-गलौच किया और प्रधानाचार्य पर हमला किया।
श्रीडूंगरगढ़ थाने के अधिकारियों के अनुसार, लाठी से पीटने का वीडियो वायरल होने पर मंगलवार को मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, कार्यवाहक प्रधानाचार्य किशना राम ने प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
दर्ज प्राथमिकी में बताया कि 23 फरवरी को दोपहर 12 बजे जगदीश प्रसाद पुत्र मोहनराम जाति प्रमाणपत्र पर हस्ताक्षर कराने विद्यालय में आया और फॉर्म अधूरा होने पर उसे पूरा भरकर लाने के लिए कहा गया।
प्राथमिकी के मुताबिक, इसके कुछ देर बाद रामचन्द्र पुत्र पुसाराम उसी अधूरे फॉर्म को लेकर पहुंचा और जब प्रधानाचार्य ने फॉर्म पूरा भरकर लाने के लिए कहा तो उसने आपा खो दिया।
प्रधानाचार्य ने आरोप लगाया कि रामचन्द्र ने कार्यालय में घुसकर धक्का-मुक्की की, जिससे उन्हें चोटें आईं। शोर सुनकर सहकर्मी विनोद पूनियां दौड़कर पहुंचे तो आरोपी भाग निकला।
भाषा बाकोलिया
शफीक
शफीक

Facebook


