दिल्ली के नेब सराय इलाके में तेंदुआ की खोजबीन तीसरे दिन भी जारी रही

Ads

दिल्ली के नेब सराय इलाके में तेंदुआ की खोजबीन तीसरे दिन भी जारी रही

  •  
  • Publish Date - December 5, 2023 / 07:01 PM IST,
    Updated On - December 5, 2023 / 07:01 PM IST

नयी दिल्ली, पांच दिसंबर (भाषा) दिल्ली वन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि नेब सराय में पिछले हफ्ते नजर आया तेंदुआ शनिवार शाम से नहीं दिखा है, लेकिन विभाग की टीम इलाके में तैनात है।

उप वन संरक्षक (दक्षिण संभाग) मनदीप मित्तल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वन विभाग के दल इलाके में खोजबीन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘तेंदुआ शनिवार शाम से नहीं दिखा है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह वापस चला गया होगा, हालांकि हमारी टीम अब भी इलाके में मौजूद है।’’

उन्होंने कहा कि तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाया गया पिंजरा अब भी मौजूद है।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, पुलिस, वन विभाग, वेस्टर्न एवेन्यू रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और गैर सरकारी संगठन (बेल ए टेल) के एक संयुक्त दल ने दोपहर में इलाके में एक घंटे तक खोजबीन अभियान चलाया, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला।

तेंदुआ एक फार्महाउस के पास शुक्रवार रात और शनिवार सुबह दिखा था।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘सोमवार को, इलाके में फिर से गहन खोजबीन अभियान चलाया गया, लेकिन यह वन्य जीव नहीं दिखा। तीन ओर से निकास बंद कर दिया गया है और केवल जंगल की ओर जाने वाला ही खुला हुआ है। यह संभव है कि तेंदुआ अरावली के जंगलों में वापस चला गया होगा, लेकिन हम अब भी सतर्क हैं।’’

अधिकारी ने कहा कि रविवार को, वन विभाग की टीम ने ड्रोन का उपयोग कर खोजबीन अभियान चलाया था, लेकिन तेंदुआ कहीं नहीं नजर आया।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप