द्रमुक और वीसीके के बीच सीट बंटवारे पर समझौता आज संभव: मंत्री शिवशंकर

Ads

द्रमुक और वीसीके के बीच सीट बंटवारे पर समझौता आज संभव: मंत्री शिवशंकर

  •  
  • Publish Date - March 24, 2026 / 12:12 PM IST,
    Updated On - March 24, 2026 / 12:12 PM IST

चेन्नई, 24 मार्च (भाषा) तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) मंगलवार को अपने गठबंधन सहयोगी विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) के साथ सीट बंटवारे के समझौते पर हस्ताक्षर कर सकती है। परिवहन और बिजली मंत्री एस.एस. शिवशंकर ने यह जानकारी दी।

द्रमुक के वरिष्ठ नेता ने बताया कि सेक्युलर प्रोग्रेसव अलायंस (एसपीए) का नेतृत्व कर रहे द्रमुक ने सोमवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को पांच सीट आवंटित कर समझौते को अंतिम रूप दिया था और अब मंगलवार को वीसीके के साथ समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

उन्होंने सोमवार देर रात पत्रकारों से कहा कि द्रमुक ने विधानसभा चुनावों के लिए अपना प्रचार अभियान पहले ही शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा, ‘द्रमुक ने अपना प्रचार शुरू कर दिया है। उपमुख्यमंत्री (उदयनिधि स्टालिन) पहले से ही चुनाव प्रचार कर रहे हैं। हम 2026 का चुनाव जीतेंगे।’

पार्टी ने अब तक कांग्रेस को 28 सीट, वायको के नेतृत्व वाली मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एमडीएमके) को चार सीट, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और मनिथनेया मक्कल काची को दो-दो सीट और कोंगुनाडु मक्कल देसिया काची (केएमडीके) को दो सीट आवंटित की हैं।

वहीं, कई दौर की बातचीत के बाद वाम दलों भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और माकपा को भी पांच-पांच सीटें दी गई हैं।

भाषा

प्रचेता जोहेब

जोहेब