सुरक्षा चूक मामला: जेल प्रशासन आरोपी आतंकी वैनडाइक की ‘अमेरिकी खाने’ की मांग पर जवाब देगा
सुरक्षा चूक मामला: जेल प्रशासन आरोपी आतंकी वैनडाइक की ‘अमेरिकी खाने’ की मांग पर जवाब देगा
नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) तिहाड़ जेल प्रशासन ने बुधवार को दिल्ली की एक अदालत को बताया कि आतंकवाद के आरोपी अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरॉन वैनडाइक की जेल में बंद रहने के दौरान “अमेरिकी खाने” के अनुरोध से जुड़ी याचिका पर पर वह जवाब दाखिल करेगा।
वैन डाइक पर भारत और म्यांमा में जातीय सशस्त्र समूहों से संबंध रखने और आतंकी साजिश के मामले में शामिल होने का आरोप है और उसे कथित तौर पर ‘भाड़े का लड़ाका’ माना जाता है।
उसके वकील ने कहा, इससे पहले अदालत ने वैनडाइक की एक अर्जी पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से जवाब मांगा था। याचिका के मुताबिक, वह लगभग 50 दिनों से “भूख हड़ताल” पर था और इस दौरान उसने ज्यादातर सोया दूध जैसे तरल पदार्थ ही लिए, क्योंकि वह “जेल में आम तौर पर परोसे जाने वाले मसालेदार, तेल वाले और तले-भुने खाने को बर्दाश्त नहीं कर पाता”।
फिलहाल न्यायिक हिरासत में बंद वैनडाइक के वकील रोहित डंडरियाल और रोहित गौड़ ने पिछले हफ्ते, विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा के सामने एक अर्जी दी। इसमें मानवीय आधार पर उसे अमेरिकी-शैली का खाना देने की इजाजत मांगी गई थी।
बुधवार को वकीलों ने बताया कि एनआईए ने अदालत को सूचित किया है कि वह इस मामले में कोई जवाब दाखिल नहीं करेगा और तिहाड़ जेल प्रशासन ही जवाब देगा।
इसके बाद संबंधित जेल अधीक्षक ने जवाब दाखिल करने के लिए एक हफ्ते का समय मांगा, जिसके बाद अदालत ने मामले की आगे की कार्यवाही के लिए 21 जुलाई की तारीख तय कर दी।
वैनडाइक के समर्थकों का कहना है कि अपनी खान-पान की आदतों और जेल में आमतौर पर परोसे जाने वाले तीखे, तेल-मसालेदार और तले भुने खाने को न पचा पाने की वजह से, वह जेल का सामान्य खाना नहीं खा पा रहा है।
वकीलों ने बताया कि डाइक ने बुधवार को अदालत से सोया दूध की लगातार आपूर्ति का अनुरोध किया था।
भाषा प्रशांत माधव
माधव

Facebook


