हरियाणा के नूंह में मिलावटी मिठाई खाने के बाद सात बच्चे बीमार, एक की हालत गंभीर
हरियाणा के नूंह में मिलावटी मिठाई खाने के बाद सात बच्चे बीमार, एक की हालत गंभीर
गुरुग्राम, 18 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के नूंह जिले के नगीना इलाके में शनिवार को एक ही परिवार के सात बच्चे कथित तौर पर मिलावटी मिठाई खाने से बीमार पड़ गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बतायी जा रही है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, तबीयत बिगड़ने के बाद बच्चों को तुरंत जिला सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद, पांच बच्चों को नल्हार के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गंडूरी गांव के निवासी असलम ने शुक्रवार रात एक दुकान से ‘चमचम’ मिठाई खरीदी थी, शनिवार सुबह जब बच्चों ने यह मिठाई खाई तो उन्हें उल्टी, मुंह से झाग आने जैसी समस्याएं होने लगीं।
उसने बताया कि बीमार बच्चों में सोफैद (16), अजूबा (15), सोफिया (10), सनोफिया (आठ), समर (चार), समरीन (दो) और पांच वर्षीय रूहान शामिल है।
पुलिस ने बताया कि समर की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
अस्पताल ने बताया कि सभी बीमार बच्चों की ‘मेडिकल लीगल रिपोर्ट’ तैयार कर ली है और उनका इलाज जारी है तथा इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश

Facebook


