गुवाहाटी, नौ अप्रैल (भाषा) असम में दो स्थानों पर चुनाव संबंधी हिंसा के सिलसिले में अधिकारियों ने सात लोगों को बृहस्पतिवार को हिरासत में लिया।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह मतदान शुरू होने के बाद कई मतदान केंद्रों पर मामूली झड़प भी हुईं, जिनमें लोगों को मामूली चोटें आईं।
पुलिस महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था), अखिलेश कुमार सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू होने से कुछ घंटे पहले बुधवार रात को तामुलपुर और शिवसागर में हिंसा हुई।
उन्होंने बताया, “हमें कल रात तामुलपुर में दो गुटों के बीच झड़प की सूचना मिली थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। जब भीड़ नहीं मानी, तो उसे तितर-बितर करने के लिए हवा में गोली चलाई गई।”
उन्होंने बताया कि मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ने बताया कि एक अन्य घटना में, शिवसागर में एक राजनीतिक दल के दो से तीन सदस्यों पर हमला किया गया।
उन्होंने कहा, ‘हमने वहां से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। जांच जारी है।’
शिवसागर सीट से दोबारा चुनाव लड़ रहे अखिल गोगोई ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार कुशल डोवारी का हाथ था।
सोशल मीडिया पर सिलसिलेवार पोस्ट में गोगोई ने दावा किया कि हमले में दो लोग घायल हुए और उनके वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य हाग्रामा मोहिलारी ने कहा कि विस्तृत जांच से तामुलपुर में हुई झड़प का कारण पता चलेगा।
उन्होंने कहा, “हालात अब सामान्य हैं। हम स्थिति पर नज़र रख रहे हैं और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था है।”
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान जारी है, जिसमें 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होना है। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा और मतगणना चार मई को होगी।
श्रीभूमि, गोलाघाट और नागांव जिलों के कई मतदान केंद्रों पर छोटी-मोटी झड़पें हुईं।
एक अधिकारी ने बताया, ‘ज्यादातर झड़प भीड़भाड़ के कारण हुईं, जिसमें लोग कतार तोड़ने को लेकर आपस में भिड़ गए।’
उन्होंने बताया कि पाथरकंडी, मेरापानी और राहा जैसे स्थानों पर कुछ मतदान केंद्रों पर सत्ताधारी और विपक्षी दलों के समर्थकों के बीच झड़प हुई।
उन्होंने कहा, ‘हालांकि, पुलिस पहले से ही उन क्षेत्रों में मौजूद थी और स्थिति को तुरंत संभाला गया। मतदान निर्बाध रूप से जारी है।’
इन चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रहा है, जबकि कांग्रेस उस राज्य को वापस हासिल करने की कोशिश कर रही है जिसे उसने एक दशक पहले खो दिया था।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा