बाइक छीनने, लूटपाट की घटनाओं में शामिल सात नाबालिग पकड़े गये

Ads

बाइक छीनने, लूटपाट की घटनाओं में शामिल सात नाबालिग पकड़े गये

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 03:39 PM IST

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने जन्मदिन मनाने के लिए पैसा जुटाने के वास्ते बाइक छीनने, लूटपाट और चोरी की कई वारदात में शामिल सात नााबलिगों को द्वारका से पकड़ा है।

पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपियों का संबंध द्वारका उत्तर और नजफगढ़ क्षेत्रों में दर्ज कम से कम तीन मामलों से पाया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मोहन गार्डन निवासी निखिल (22) द्वारा 15 मार्च को दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई।

अपनी शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि अज्ञात व्यक्तियों ने उससे उसकी मोटरसाइकिल और नकदी लूट ली।

निखिल ने पुलिस को बताया कि वह अपने भतीजे के साथ मोटरसाइकिल से काकरोला गंडा नाला सर्विस रोड गया था, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोगों ने उन्हें रोक लिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने कथित तौर पर उन्हें चाकू दिखाकर धमकाया, उन पर हमला किया और मोटरसाइकिल और 2,000 रुपये लूटकर फरार हो गये।

द्वारका उत्तर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

द्वारका के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने लगभग 10 किलोमीटर के क्षेत्र में लगे लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला।

उन्होंने कहा कि तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से, शुरू में छह नाबालिगों को पकड़ा गया और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

सिंह ने बताया कि जांच के दौरान, उनके एक और साथी को भी पकड़ा गया और एक और चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की गई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान नाबालिगों ने बताया कि वे अपने एक साथी का जन्मदिन किसी पहाड़ी शहर में मनाना चाहते थे और इसके लिए वे बाइक को बेचकर पैसा जुटाते थे।

भाषा नोमान नोमान देवेंद्र

देवेंद्र