नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने बृहस्पतिवार को केंद्र से सतत, समावेशी और संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा, परिवार नियोजन और क्षेत्र-विशिष्ट रणनीतियों पर आधारित राष्ट्रीय जनसंख्या प्रबंधन नीति बनाने का आग्रह किया।
दिल्ली के चांदनी चौक निर्वाचन क्षेत्र के सांसद खंडेलवाल ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक पत्र लिखा है।
भाजपा सांसद ने पत्र में लिखा है कि 1.4 अरब से अधिक आबादी वाला यह देश एक महत्वपूर्ण जनसांख्यिकीय मोड़ पर खड़ा है।
खंडेलवाल ने कहा कि यह एक बहुमूल्य संपत्ति और विशाल मानव संसाधन का स्रोत होने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों, बुनियादी ढांचे, रोजगार के अवसरों और स्वास्थ्य सेवा एवं शिक्षा जैसी सार्वजनिक सेवाओं पर भी लगातार दबाव बढ़ा रहा है।
उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ती जनसंख्या शहरी भीड़भाड़ और बेरोजगारी को बढ़ा रही है तथा पर्यावरण और आवश्यक सेवाओं पर दबाव डाल रही है।
भाजपा सांसद ने पत्र में लिखा है, ‘‘यदि एक सुनियोजित नीतिगत ढांचे के माध्यम से इन चुनौतियों का समाधान नहीं किया गया, तो ये चुनौतियां एक विकसित राष्ट्र बनने की हमारी यात्रा में बाधा बन सकती हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी नीति जागरूकता, शिक्षा और स्वैच्छिक भागीदारी पर आधारित होनी चाहिए। साथ ही, परिवार नियोजन सेवाओं तक सार्वभौमिक पहुंच सुनिश्चित करने और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने पर भी जोर देना चाहिए। इसमें विभिन्न राज्यों में जनसंख्या वृद्धि के अलग-अलग रुझानों से निपटने के लिए क्षेत्र-विशिष्ट रणनीतियां भी अपनाई जानी चाहिए।’’
भाषा सुभाष देवेंद्र
देवेंद्र