भाजपा की मुहर के मुद्दे पर पुलिस कार्रवाई का निर्देश देना असहिष्णुता को दर्शाता है: विजयन

Ads

भाजपा की मुहर के मुद्दे पर पुलिस कार्रवाई का निर्देश देना असहिष्णुता को दर्शाता है: विजयन

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 03:36 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 03:36 PM IST

कोच्चि, 26 मार्च (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बृहस्पतिवार को कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से पुलिस को सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक खबरों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश देना “आलोचना के प्रति असहिष्णुता” को दर्शाता है।

विजयन ने कहा कि इस मामले में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) से हस्तक्षेप करने को कहा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचन आयोग के एक दस्तावेज पर भारतीय जनता पार्टी की केरल इकाई की मुहर दिखाई देना “अविश्वसनीय” है और इसे किसी एक अधिकारी की गलती नहीं माना जा सकता।

उन्होंने कहा कि जो हुआ वह गलत था और केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू. केलकर ने बताया है कि इस मामले की जांच की जा रही है।

विजयन ने कहा कि जांच का विवरण और निष्कर्ष सार्वजनिक किए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा, “मैं इसकी आलोचना करता हूं। पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश देना आलोचना को रोकने की कोशिश है। यह आलोचना के प्रति असहिष्णुता दिखाता है। क्या निर्वाचन आयोग ऐसा व्यवहार कर सकता है? उसे ऐसे फैसलों से खुद को अलग करना चाहिए।”

निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को कहा था कि उसने इस मुद्दे से जुड़ी भ्रामक खबरों को सोशल मीडिया से हटाने के लिए पुलिस को निर्देश दिया है।

भाषा जोहेब वैभव

वैभव