विजय के शपथग्रहण समारोह में राहुल गांधी सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं

विजय के शपथग्रहण समारोह में राहुल गांधी सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं

विजय के शपथग्रहण समारोह में राहुल गांधी सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं
Modified Date: May 10, 2026 / 01:43 pm IST
Published Date: May 10, 2026 1:43 pm IST

(तस्वीरों के साथ जारी)

चेन्नई, 10 मई (भाषा) सी जोसेफ विजय के रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंच पर उनके साथ प्रमुखता से मौजूद रहे।

कांग्रेस नेता प्रवीण चक्रवर्ती, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता एवं पूर्व राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन, विजय के पिता एवं फिल्मकार एस ए चंद्रशेखर और उनकी मां शोभा तथा अभिनेत्री तृषा उन प्रमुख हस्तियों में शामिल रहीं जिन्होंने जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में भाग लिया।

इस समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय और उनकी पार्टी के नेताओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथग्रहण समारोह से पहले चंद्रशेखर ने इसे परिवार के लिए गर्व और भावुकता का क्षण बताया, जबकि शोभा चंद्रशेखर ने कहा कि यह अवसर इसलिए और खास है क्योंकि यह मातृ दिवस के दिन हुआ है।

विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता भी समारोह में शामिल हुए।

पूर्व मुख्यमंत्रियों-द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम. के. स्टालिन और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) प्रमुख ई. के. पलानीस्वामी, विजय की पत्नी संगीता और उनके दोनों बच्चे शपथग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए।

वीसीके प्रमुख थिरुमावलवन ने अपनी पार्टी की ओर से विजय को शुभकामनाएं दीं।

भाजपा की महिला मोर्चा अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन और भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख नैनार नागेंद्रन ने भी विजय को बधाई दी।

भाषा सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में