राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण गर्मी, फलौदी में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस

Ads

राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण गर्मी, फलौदी में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 08:24 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 08:24 PM IST

जयपुर, 13 मई (भाषा) राजस्थान के कई हिस्सों में बुधवार को भीषण गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित किया तथा फलौदी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां पारा 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के अनुसार अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। अन्य प्रमुख शहरों में जैसलमेर में 46.1 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 45.8 डिग्री, बाड़मेर और बीकानेर में 45.2 डिग्री, कोटा में 44.8 डिग्री, जोधपुर में 44.7 डिग्री और श्रीगंगानगर में 44.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

विभाग के अनुसार राज्य की राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अजमेर में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री, भीलवाड़ा में 43 डिग्री, सीकर में 42 डिग्री और चूरू में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जयपुर के मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले चार-पांच दिन जोधपुर और बीकानेर संभागों में भीषण लू चलने एवं रातें गर्म रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण पूर्वी जिलों में भी अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जहां कहीं-कहीं लू चल सकती है और रातें गर्म रह सकती हैं।

विभाग ने यह भी पूर्वानुमान जताया है कि अगले 48 घंटों में बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभागों के उत्तरी हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

इस बीच, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक बैठक में स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को गर्मी के मौसम में पानी एवं बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने हालात का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार