आतंकी मामले में गिरफ्तार शब्बीर शाह को 10 दिन की एनआईए हिरासत में भेजा गया

आतंकी मामले में गिरफ्तार शब्बीर शाह को 10 दिन की एनआईए हिरासत में भेजा गया

आतंकी मामले में गिरफ्तार शब्बीर शाह को 10 दिन की एनआईए हिरासत में भेजा गया
Modified Date: April 18, 2026 / 07:20 pm IST
Published Date: April 18, 2026 7:20 pm IST

जम्मू, 18 अप्रैल (भाषा) एनआईए द्वारा तीन दशक पुराने एक आतंकी मामले में गिरफ्तार किए गए अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह को शनिवार को एक विशेष अदालत ने 10 दिन के लिए एजेंसी की हिरासत में भेज दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की श्रीनगर शाखा ने शुक्रवार को शाह को 1996 के उस मामले में गिरफ्तार किया था जिसमें एक आतंकवादी को दफनाए जाने के दौरान पुलिसकर्मियों पर आतंकवादी हमला हुआ था।

शाह को दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उसे तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया।

अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में अन्य मामलों में लगभग सात साल की कैद के बाद जमानत पर रिहा किए गए अलगाववादी को शनिवार को जम्मू में विशेष एनआईए अदालत के समक्ष पेश किया गया और हिरासत में पूछताछ किए जाने की अनुमति मांगी गई।

अधिकारियों ने कहा कि दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उसे 10 दिन की एनआईए हिरासत में भेज दिया, जिससे जांचकर्ताओं को 1996 के मामले में उससे पूछताछ करने की अनुमति मिल गई।

शाह (72) को आतंकवाद के वित्तपोषण से संबंधित एक मामले में 12 मार्च को उच्चतम न्यायालय ने और धनशोधन के एक मामले में 28 मार्च को दिल्ली की एक अदालत ने जमानत दे दी थी।

भाषा प्रशांत नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में