शाह के 20 फरवरी को दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचने की संभावना
शाह के 20 फरवरी को दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचने की संभावना
गुवाहाटी, 15 फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 फरवरी से असम के दो दिवसीय दौरे पर आ सकते हैं, जहां वह एक कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की परेड में भाग लेंगे।
शर्मा ने कहा कि शाह बराक घाटी के कछार जिले के सिलचर से अपने दौरे की शुरुआत करेंगे, जहां वह जीवंत ग्राम कार्यक्रम (वीवीपी) के दूसरे चरण के तहत योजना की शुरुआत करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘वह (शाह) अगले दिन गुवाहाटी पहुंचेंगे और सीआरपीएफ के वार्षिक दिवस परेड कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस परेड में हथियारों का प्रदर्शन और छत्तीसगढ़ और कश्मीर में सीआरपीएफ के अभियानों पर प्रस्तुतियां होंगी।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि एनसीसी कैडेट को सीआरपीएफ परेड देखने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा ताकि वे बल में शामिल होने के लिए प्रेरित हों।
शर्मा ने कहा, ‘‘हमारे युवा असम पुलिस में नौकरी के लिए साक्षात्कार देते हैं, लेकिन सीआरपीएफ के लिए उपस्थित नहीं होते हैं। इसलिए, हम असम में सीआरपीएफ भर्ती केंद्र खोलने की योजना बना रहे हैं। हमने धेमाजी जिले में जमीन पहले ही अधिग्रहित कर ली है।’’
भारतीय वायु सेना के हालिया हवाई प्रदर्शनों के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘पहले भारतीय वायु सेना में कई असमिया सैनिक थे। हालांकि, पिछले दशक में यह संख्या लगभग शून्य हो गई। राज्य में आयोजित हवाई प्रदर्शनों की श्रृंखला का उद्देश्य युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करना है।’’
शाह ने आखिरी बार 30 जनवरी को असम का दौरा किया था और इस दौरान उन्होंने कई परियोजनाओं की शुरुआत की थी और दो जनसभाओं को संबोधित किया था।
असम में दो-तीन महीने के भीतर विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
भाषा
देवेंद्र गोला
गोला

Facebook


