गुवाहाटी, 15 मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को असम में 2,092 करोड़ रुपये की लागत वाली स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
शाह अपराह्न में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा की रैली को संबोधित करेंगे।
वह असम के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार शाम को यहां पहुंचे थे। पूर्वोत्तर राज्य का उनका चार महीनों में यह चौथा दौरा है।
भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया कि शाह ने शनिवार शाम को मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ चुनाव संबंधी मुद्दों पर बैठकें कीं।
शाह यहां 675 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) का उद्घाटन करेंगे और ‘असम कैंसर केयर फाउंडेशन’ (एसीसीएफ) के तहत निर्मित गोलाघाट और तिनसुकिया में कैंसर केंद्रों का ऑनलाइन तरीके से उद्घाटन करेंगे, जिनमें से प्रत्येक का निर्माण 135 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
वह दीफू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और बारपेटा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों की आधारशिला भी रखेंगे।
शाह गुवाहाटी में 218 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्वास्थ्य भवन और 115 करोड़ रुपये की लागत से बनने वााले अभयपुरी जिला अस्पताल की आधारशिला भी ऑनलाइन तरीके से रखेंगे।
भाषा
देवेंद्र सिम्मी
सिम्मी