षणमुगम अपनी ही पार्टी अन्नाद्रमुक को ‘तोड़ने’ के लिए बहाने तलाश रहे : द्रमुक नेता भारती
षणमुगम अपनी ही पार्टी अन्नाद्रमुक को 'तोड़ने' के लिए बहाने तलाश रहे : द्रमुक नेता भारती
चेन्नई, 12 मई (भाषा) द्रविड मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) ने मंगलवार को अन्नाद्रमुक के पूर्व मंत्री सी.वी. षणमुगम पर निशाना साधते हुए उनके उन आरोपों को खारिज कर दिया, जिनमें चुनाव के बाद दोनों दलों के बीच गुप्त समझौते की बातचीत का दावा किया गया था।
द्रमुक ने कहा कि षणमुगम अपनी ही पार्टी को ‘तोड़ने’ के लिए बहाने तलाश रहे हैं।
षणमुगम द्वारा की गई टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए द्रमुक के संगठन सचिव आर.एस. भारती ने दावा किया कि षणमुगम ने अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिल वेत्री कषगम (टीवीके) की सरकार (पार्टी) का समर्थन करने का मन बना लिया है और इसीलिए वह द्रमुक-अन्नाद्रमुक के बीच चुनाव बाद गठबंधन की बातचीत के बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
इन आरोपों का खंडन करते हुए भारती ने यहां संवाददाताओं से कहा कि द्रमुक अध्यक्ष एम.के. स्टालिन पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पार्टी विपक्ष की भूमिका निभाएगी।
भारती ने कहा, ‘मैंने चुनाव परिणामों के बाद ही कह दिया था कि ये केवल अटकलें और अफवाहें हैं। हमने अगले ही दिन अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी थी। हमारा रुख आज भी वही है।’
भाषा सुमित मनीषा
मनीषा

Facebook


