शिवकुमार, सिद्धरमैया ने हरिप्रसाद को कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई दी

शिवकुमार, सिद्धरमैया ने हरिप्रसाद को कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई दी

शिवकुमार, सिद्धरमैया ने हरिप्रसाद को कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई दी
Modified Date: June 4, 2026 / 09:11 am IST
Published Date: June 4, 2026 9:11 am IST

बेंगलुरु, चार जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कांग्रेस की प्रदेश इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद को बधाई दी है तथा भरोसा जताया है कि उनके नेतृत्व में पार्टी और मजबूत होगी।

शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद ही यह नियुक्ति हुई है।

हरिप्रसाद को बुधवार को आगामी राज्य विधान परिषद चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार भी घोषित किया गया।

पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए शिवकुमार ने कहा, ‘‘मैंने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। हरिप्रसाद को नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह पार्टी के वरिष्ठ और ईमानदार कार्यकर्ता हैं। वह राज्यसभा सदस्य और एमएलसी (विधान परिषद सदस्य) रह चुके हैं… उनके नेतृत्व में हमें पार्टी को और मजबूत करने के लिए काम करना होगा।’’

मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया कि कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए कर्नाटक से कुछ दिनों में नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

शिवकुमार ने बुधवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा 13 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

हरिप्रसाद को बधाई देते हुए सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘ (हमें) विश्वास है कि आपकी वैचारिक प्रतिबद्धता, लंबा राजनीतिक अनुभव, पार्टी के प्रति समर्पण और संघर्षमय जीवन कांग्रेस की प्रदेश इकाई को एक नयी दिशा देगा।’’

हरिप्रसाद को कांग्रेस को मजबूत करने और लोगों के बीच लोकतंत्र विरोधी ताकतों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों में सफलता की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि शिवकुमार ने भी अब तक कांग्रेस की प्रदेश इकाई का बहुत प्रभावी ढंग से नेतृत्व किया है, यह भी सराहनीय है।

भाषा

खारी गोला

गोला


लेखक के बारे में