शिवराज चौहान, हिमंत झारखंड विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने के लिए रांची के दौरे पर
शिवराज चौहान, हिमंत झारखंड विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने के लिए रांची के दौरे पर
रांची, 23 जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा इस साल झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाने के वास्ते राज्य के दौरे पर हैं। पार्टी के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
झारखंड के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी चौहान और सह-प्रभारी हिमंत राज्य में पार्टी के लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन की भी समीक्षा करेंगे।
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘राज्य के चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी के तौर पर पहले दौरे पर वे पार्टी नेताओं, कोर समिति के पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।’’
उन्होंने बताया कि रविवार को कई मंथन सत्र भी आयोजित किए जाने का कार्यक्रम है।
उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड में हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की भी समीक्षा की जाएगी और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एक रूपरेखा तैयार की जाएगी।’’
इस बीच, चौहान और हिमंत ने भाजपा के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत क्रमश: आईसीएआर, नामकुम परिसर और रांची के हटिया इलाके में लीची बागान में पौधे लगाए।
चौहान ने पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर्यावरण को लेकर चिंतित हैं। आने वाली पीढ़ियों के लिए पृथ्वी को सुरक्षित बनाने के वास्ते यह पहल की गयी है।’’
उन्होंने बैठकों के बारे में जानकारियां साझा करने से इनकार करते हुए कहा, ‘‘यह झारखंड के भले के लिए होंगी।’’
भाषा
गोला सुभाष
सुभाष

Facebook


