प्रदूषण के स्तर में कमी आने के बाद दिल्ली में फिल्मों की शूटिंग फिर शुरू
प्रदूषण के स्तर में कमी आने के बाद दिल्ली में फिल्मों की शूटिंग फिर शुरू
नयी दिल्ली, 18 फरवरी (भाषा) दिल्ली में प्रदूषण का स्तर कम होने के साथ फिल्मों की शूटिंग फिर शुरू हो गई है।
दिसंबर में वायु गुणवत्ता के ‘गंभीर’ होने के बाद कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था, जबकि जनवरी और फरवरी में फिल्मों की शूटिंग के लिए अधिकारियों को पांच आवेदन प्राप्त हुए हैं।
एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दिल्ली फिल्म नीति के तहत शहर के पर्यटन विभाग को आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से एक की शूटिंग राजधानी में पहले ही शुरू हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि कार्तिक आर्यन और श्रीलीला अभिनीत फिल्म ‘नागजिला’ को कनॉट प्लेस, दिल्ली मेट्रो ब्लू लाइन के कुछ हिस्सों, पहाड़गंज और लक्ष्मी नगर के आसपास के इलाकों सहित प्रमुख स्थानों पर शूटिंग करने की अनुमति दी गयी।
अधिकारी ने बताया कि अन्य आवेदनों में भी कनॉट प्लेस, चांदनी चौक और मेट्रो स्टेशनों जैसे स्थानों का उल्लेख है।
उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली 25 मार्च को अपना फिल्म महोत्सव आयोजित करने जा रहा है।
अधिकारी के अनुसार, दिसंबर में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ, जबकि अक्टूबर और नवंबर के बीच तीन प्रस्ताव आए। इससे पहले कुल मिलाकर लगभग 15 आवेदन दाखिल किए गए थे।
उन्होंने बताया कि अधिक फिल्म निर्माण को आकर्षित करने और फिल्म नीति को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) बर्लिन फिल्म महोत्सव और ‘वेव्स’ सहित अंतरराष्ट्रीय और घरेलू फिल्म कार्यक्रमों में भाग ले रहा है।
वर्ष 2022 में शुरू की गई दिल्ली फिल्म नीति के तहत ‘एकल खिड़की मंजूरी’ प्रणाली विकसित की गई है, जिसके जरिए 15 दिनों के भीतर शूटिंग की मंजूरी देने का प्रावधान है।
डीटीटीडीसी इस नीति की नोडल एजेंसी है। पिछले वर्ष दिल्ली सरकार ने इसके क्रियान्वयन के लिए 3.01 करोड़ रुपये आवंटित किए थे।
डीटीटीडीसी ने यह भी बताया कि एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (एवीजीसी) क्षेत्र को विकसित करने के प्रयास जारी हैं। इसके तहत सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सहयोग से दिल्ली में ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज’ का एक क्षेत्रीय केंद्र स्थापित करने की योजना है।
भाषा राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


