गंगटोक, आठ जून (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने सोमवार को सिक्किम में राष्ट्रीय राजमार्ग 10 के 26.4 किलोमीटर लंबे रंगपो-रानीपूल खंड पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
उन्होंने ढलान स्थिरीकरण और सड़क सुरक्षा कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।
राज्य मंत्री सड़क अवसंरचना विकास परियोजनाओं की समीक्षा के लिए राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।
बयान में कहा गया है कि निरीक्षण के दौरान मंत्री ने राजमार्ग की मजबूती में सुधार के लिए लागू किए जा रहे विभिन्न बुनियादी ढांचागत उपायों का आकलन किया, जिनमें माइक्रोपाइलिंग, आरसीसी रिटेनिंग वॉल, नदी प्रशिक्षण कार्य (नदी के प्रवाह को नियंत्रित करने और सीमित करने के उद्देश्य से नदी के किनारे विभिन्न संरचनाओं के निर्माण की प्रक्रिया), चट्टानों के गिरने से बचाव के उपाय और पहाड़ी ढलान स्थिरीकरण प्रणाली (इसका उपयोग पहाड़ी इलाकों, ढलानों और तटबंधों का कटाव, भूस्खलन और मिट्टी खिसकने से बचाने के लिए किया जाता) शामिल हैं।
उन्होंने एनएच-10 उन्नयन परियोजना के तहत प्रस्तावित 240 मीटर लंबी कट-एंड-कवर सुरंग की भी समीक्षा की, जिसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ाना और भूस्खलन और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण होने वाली बाधाओं को कम करना है।
बयान में कहा गया है कि इस पहल से सिक्किम भर में संपर्कता को मजबूत करने, यात्रियों की सुरक्षा में सुधार करने और सभी मौसमों में विश्वसनीय आवागमन सुनिश्चित करने की उम्मीद है, जिससे निवासियों, पर्यटकों और परिवहन संचालकों सभी को समान रूप से लाभ होगा।
राज्य मंत्री के साथ इस दौरान सड़क एवं पुल विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारी भी थे।
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत