बंगाल : तृणमूल नेता जहांगीर खान के फाल्टा कार्यालय में स्थानीय लोगों ने की तोड़फोड़

Ads

बंगाल : तृणमूल नेता जहांगीर खान के फाल्टा कार्यालय में स्थानीय लोगों ने की तोड़फोड़

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 04:54 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 04:54 PM IST

कोलकाता, आठ जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस नेता जहांगीर खान को ‘‘जबरन वसूली’’ के आरोप में उत्तर बंगाल में भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद सोमवार को दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा में आक्रोशित स्थानीय लोगों ने खान के कार्यालय में कथित तौर पर तोड़फोड़ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि खान के कार्यालय में कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई जिसमें भीड़ ने खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और कई कमरों में फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटना की जांच शुरू करेगी।

कार्यालय के अंदर राहत सामग्री के कई पैकेट भी कथित तौर पर पाए गए, जिससे लोगों का आक्रोश और भड़क गया। स्थानीय लोगों ने खान और उनके सहयोगियों पर सामग्री रोककर रखने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि यह सामग्री जरूरतमंदों में वितरण के लिए थी।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘जहांगीर खान को उत्तर बंगाल में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।’’

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने खान को गिरफ्तारी से दी गई अंतरिम सुरक्षा 26 मई को वापस ले ली थी। खान के खिलाफ दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा थाने में सात प्राथमिकी दर्ज हैं।

खान 21 मई को फाल्टा विधानसभा पुनर्मतदान में चौथे स्थान पर रहे थे। हालांकि, उन्होंने चुनाव से कुछ दिन पहले चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की थी लेकिन नाम वापस लेने की अवधि समाप्त होने की वजह से उनका नाम ईवीएम में शामिल रहा।

भाषा अमित नरेश

नरेश