चंडीगढ़, 18 फरवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया ने बुधवार को फोर्टिस अस्पताल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
मान (52) को सोमवार शाम को अस्पताल से छुट्टी मिलने के कुछ घंटों बाद मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में दोबारा भर्ती कराया गया था।
बुधवार को मुलाकात के बाद सिसोदिया ने कहा कि मान की तबीयत में सुधार है।
मंगलवार शाम को मोहाली स्थित फोर्टिस द्वारा जारी एक मेडिकल बुलेटिन में मान के स्वास्थ्य के बारे में बताया गया था।
बुलेटिन में कहा गया है, ‘सभी महत्वपूर्ण ‘पैरामीटर’ स्थिर हैं और सामान्य सीमा के भीतर हैं। उन्हें थकान महसूस हो रही है और देखभाल के लिए उन्हें भर्ती कराया गया है।’
बुलेटिन में यह भी बताया गया है कि मान की हालत स्थिर है।
सोमवार को दिन में पहले ही मान को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी और वे सीधे मोगा चले गए थे, जहां उन्होंने एक कार्यक्रम में भाग लिया।
हालांकि, वहां एक सभा को संबोधित करने के बाद उन्हें वापस अस्पताल लौटना पड़ा। रविवार को थकान महसूस होने पर मान को पहले मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में जांच के लिए भर्ती कराया गया था।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश