अर्जेंटीना फुटबॉल टीम की मेजबानी की बोली में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए एसआईटी गठित: चेन्निथला

Ads

अर्जेंटीना फुटबॉल टीम की मेजबानी की बोली में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए एसआईटी गठित: चेन्निथला

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 07:12 PM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 07:12 PM IST

इडुक्की (केरलम), तीन सितंबर (भाषा) केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बुधवार को कहा कि स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मैच की मेजबानी के लिए पिछली सरकार के प्रयासों में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के सत्ता में आने के बाद खेल विभाग ने सबसे पहले इस मामले में कथित गड़बड़ियों की ओर ध्यान दिलाया था। हालांकि, अर्जेंटीना की टीम के मैच की मेजबानी की योजना आखिरकार पूरी नहीं हो सकी।

विभाग ने मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन को एक रिपोर्ट भेजी, जिसके बाद उन्होंने गृह विभाग से विस्तृत जांच की सिफारिश की।

चेन्निथला ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें मामले की जांच का अनुरोध करने वाला पत्र मिला था।

उन्होंने कहा, ‘मैंने उस पत्र को कानूनी राय के लिए भेजा था। अभियोजन महानिदेशक ने इस पर अपनी राय दी। कानूनी राय के आधार पर मुझे लगा कि इसमें कई कानूनी मुद्दे जुड़े हुए हैं। इसी के आधार पर एडीजीपी पी. विजयन के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने का फैसला किया गया है।’

उन्होंने बताया कि एसआईटी के गठन से संबंधित आदेश जल्द जारी किया जाएगा। टीम में एडीजीपी के अलावा एक पुलिस अधीक्षक (एसपी) और एक पुलिस उपाधीक्षक (डीवाईएसपी) शामिल होंगे।

गृह मंत्री ने कहा, ‘उन्हें मामले की जांच कर सरकार को रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से भेजे गए नोट और कानूनी राय को एसआईटी को सौंप दिया जाएगा।

चेन्निथला ने कहा, ‘इस मामले में विस्तृत जांच की जरूरत है। जांच दल कार्रवाई शुरू करेगा और जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करेगा। उसे जल्द रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है।’

चेन्निथला ने विपक्ष के नेता पिनाराई विजयन के उस आरोप पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें कहा गया था कि पुलिस तिरुवनंतपुरम में विरोध प्रदर्शन कर रहे एसएफआई कार्यकर्ताओं के खिलाफ जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल कर रही है और उन पर झूठे मामले दर्ज कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘विपक्ष के नेता को पहले यह बताना चाहिए कि यह प्रदर्शन क्यों किया जा रहा है। एसीपी का गला पकड़ना, पुलिस अधिकारियों पर हमला करना और उनके ढाल छीनकर उन्हीं पर हमला करने की कोशिश करना… पुलिस ने काफी संयम बरता है।’

उन्होंने प्रदर्शनकारियों से पुलिसकर्मियों पर हमला नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन