लुधियाना में कांग्रेस नेता की हत्या के आरोप में छह लोग गिरफ्तार

लुधियाना में कांग्रेस नेता की हत्या के आरोप में छह लोग गिरफ्तार

लुधियाना में कांग्रेस नेता की हत्या के आरोप में छह लोग गिरफ्तार
Modified Date: April 4, 2026 / 08:14 pm IST
Published Date: April 4, 2026 8:14 pm IST

लुधियाना, चार अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता परमिंदर तिवारी की हत्या मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। माछीवाड़ा में रविवार को कुल्हाड़ी से काटकर उनकी हत्या कर दी गई थी।

तिवारी लुधियाना के माछीवाड़ा से कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष थे और 29 मार्च को तखरान गांव के पास जब वह अपने किराए के मकान के बाहर बैठे थे, तब उनकी हत्या कर दी गई थी।

पुलिस उपायुक्त जसकरणजीत सिंह तेजा ने कहा कि यह मामला न तो राजनीति से जुड़ा है और न ही गिरोह प्रतिद्वंद्विता से।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी विजय कुमार और लकी को बिहार के मुंगेर जिले के जमालपुर में भेजी गई एक विशेष टीम ने पकड़ लिया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि संदिग्धों का इरादा माछीवाड़ा क्षेत्र में पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा करना था, लेकिन तिवारी ने उनकी योजनाओं का विरोध किया। आरोपियों ने कथित तौर पर 29 मार्च को तिवारी के किराए के आवास पर जाकर उन पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अन्य चार व्यक्ति मुख्य आरोपी के रिश्तेदार हैं और उन्हें हत्या की साजिश की जानकारी थी।

पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी के साथ-साथ आरोपी द्वारा घटनास्थल से भागने के लिए इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में