झारखंड के रामगढ़ में हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार
झारखंड के रामगढ़ में हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार
रामगढ़, 26 मई (भाषा) झारखंड के रामगढ़ जिले में एक गिरोह के छह सदस्यों को हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार को पतरातू थाना क्षेत्र के अंतर्गत कई स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य रंगदारी वसूलने के लिए स्थानीय औद्योगिक इकाई में किसी बड़ी विघटनकारी गतिविधि को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत ने बताया, ‘गोपनीय सूचना मिलने के बाद हमने छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर कोयला क्षेत्र और औद्योगिक परिसर में सक्रिय गैंगस्टर राहुल दुबे के गिरोह से जुड़े हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन, 34 कारतूस, तीन मोटरसाइकिल और छह एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए हैं।’
एसपी ने बताया कि ये बदमाश पहले भी इलाके में गोलीबारी की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। उन्होंने पतरातू में रेलवे फ्लाईओवर निर्माण स्थल, एक डेयरी फार्म और एक सीमेंट कारखाने में हुई गोलीबारी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भाषा
सुमित दिलीप
दिलीप

Facebook


