ओडिशा में बस और ऑटोरिक्शा की टक्कर में दो बच्चों सहित छह लोगों की मौत, चार अन्य घायल

ओडिशा में बस और ऑटोरिक्शा की टक्कर में दो बच्चों सहित छह लोगों की मौत, चार अन्य घायल

ओडिशा में बस और ऑटोरिक्शा की टक्कर में दो बच्चों सहित छह लोगों की मौत, चार अन्य घायल
Modified Date: May 22, 2026 / 04:43 pm IST
Published Date: May 22, 2026 4:43 pm IST

बेरहामपुर/भुवनेश्वर, 22 मई (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में शुक्रवार को एक बस और ऑटोरिक्शा की टक्कर में दो बच्चों सहित कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना पुरुषोत्तमपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाडकापल्ली चौक के पास उस वक्त हुई जब बस ने तिपहिया वाहन को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया, ‘‘तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चार घायलों का शुरू में कोडाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया गया और बाद में उन्हें बेरहामपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया।’’

अधिकारी ने बताया कि हादसे के शिकार सभी लोग चिकिटी प्रखंड के अंतर्गत आने वाले एरेन्डा गांव के निवासी थे और दुर्घटना के समय ऑटोरिक्शा में यात्रा कर रहे थे।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

माझी ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।

पटनायक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,‘‘गंजाम में बस और ऑटोरिक्शा के बीच हुई भीषण टक्कर के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख और पीड़ा हुई है, जिसमें छह लोगों की जान चली गई और कुछ अन्य घायल हो गए। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस दुख की घड़ी में, मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’

अधिकारी के मुताबिक बस पुरुषोत्तमपुर से बेरहामपुर जा रही थी और तिपहिया वाहन मां सिंहासिनी मंदिर की ओर जा रहा था।

भाषा धीरज वैभव

वैभव


लेखक के बारे में