उत्तरी दिल्ली के त्रिनगर में एक घर में आग लगने से छह लोग झुलसे

Ads

उत्तरी दिल्ली के त्रिनगर में एक घर में आग लगने से छह लोग झुलसे

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 05:06 PM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 05:06 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) उत्तरी दिल्ली के त्रिनगर इलाके में शुक्रवार सुबह चार मंजिला एक इमारत में भीषण आग लगने से तीन साल की बच्ची समेत छह लोग झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस को संदेह है कि पानी वाले मोटर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी।

अधिकारियों ने बताया कि आग में झुलसे लोगों की पहचान भरत लाल (32), अनीता (55), प्रीतम लाल (30), वंदना (24), मोनी (27) और सोमिया (3) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि सभी घायलों को दीप चंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया तथा बाद में घायल महिलाओं को बाद में सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह सात बजकर 10 मिनट पर त्रिनगर के गणेशपुर इलाके में एक घर में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और सुबह सात बजकर 45 मिनट तक आग पर काबू पाया जा सका।

पुलिस ने बताया कि उसे एक घर में आग लगने और उसमें कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी।

पुलिस के अनुसार, 50 वर्ग गज के भूखंड पर बनी इस इमारत की सीढ़ियों के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल, बिजली के तार और घरेलू सामान आग में जलकर खाक हो गए। हालांकि, भूतल पर स्थित साड़ी की दुकान को कोई नुकसान नही हुआ।

पुलिस ने बताया कि आग में झुलस गये लोग इमारत की दूसरी मंजिल पर रह रहे थे जबकि एक अन्य किरायेदार तीसरी मंजिल पर रहता था।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि आग सीढ़ियों के पास लगे पानी वाले मोटर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी जहां सौंदर्य प्रसाधन का सामान भी रखा था।

उसने कहा कि वहां पास में खड़ी मोटरसाइकिल से आग और भड़क गयी होगी।

भाषा प्रचेता राजकुमार

राजकुमार