ग्रेटर नोएडा में पानी से भरे गड्ढे में गिरने से छह वर्षीय बच्चे की मौत, ठेकेदार गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा में पानी से भरे गड्ढे में गिरने से छह वर्षीय बच्चे की मौत, ठेकेदार गिरफ्तार
नोएडा (उप्र), 26 जुलाई (भाषा) ग्रेटर नोएडा की एक आवासीय कॉलोनी में बोरिंग के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में गिरने से छह वर्षीय एक बच्चे की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम करीब सात बजे कलाधाम कॉलोनी में उस समय हुई, जब बच्चा गड्ढे के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था।
पुलिस ने बताया कि बच्चा खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में अचानक गिर गया, जिसके बाद परिजनों ने उसे बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उसने बताया कि घटना के सिलसिले में बोरिंग कार्य के लिए जिम्मेदार ठेकेदार को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी

Facebook


