कुछ लोग डेटा सेंटर के खिलाफ अनावश्यक रूप से गलत सूचना फैला रहे हैं : नायूड
कुछ लोग डेटा सेंटर के खिलाफ अनावश्यक रूप से गलत सूचना फैला रहे हैं : नायूड
अनकापल्ली (आंध्र प्रदेश), 22 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि कुछ लोग डेटा सेंटर परियोजनाओं के खिलाफ अनावश्यक रूप से गलत सूचना फैला रहे हैं और उन्हें इन परियोजनाओं से होने वाले लाभों की जानकारी नहीं है।
मुख्यमंत्री नायडू ने यहां आलमंडकोदुरु गांव में ‘स्वर्ण आंध्र-स्वच्छ आंध्र’ कार्यक्रम के तहत आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि डेटा सेंटर का निर्माण अभी शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन कुछ लोग जल स्तर घटने की शिकायत कर रहे हैं।
नायडू ने कहा, ‘‘कुछ लोग डेटा सेंटर के खिलाफ अनावश्यक रूप से गलत सूचना फैला रहे हैं। उन्हें नहीं पता कि डेटा सेंटर से क्या लाभ होंगे।’’
उन्होंने कहा कि यदि दक्षिणी राज्य में 5 गीगावाट क्षमता वाले डेटा सेंटर स्थापित होते हैं तो लाखों एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) पेशेवर तैयार होंगे।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सभी डेटा सेंटर मिलाकर केवल 3.5 टीएमसी पानी की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि पोलावरम परियोजना से अनकापल्ली तक पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे सभी तालाबों को भरा जा सकेगा।
नायडू ने कहा कि सितंबर के पहले सप्ताह में गोदावरी नदी का पानी अनकापल्ली लाया जाएगा।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश

Facebook


