सोमनाथ मंदिर और भाजपा कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जांच में फर्जी निकली
सोमनाथ मंदिर और भाजपा कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जांच में फर्जी निकली
अहमदाबाद, 21 सितंबर (भाषा) गुजरात में प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालयों सहित कई स्थानों को बम से उड़ाने के संबंध में मिला धमकी भरा ईमेल सोमवार को सुरक्षा जांच के बाद फर्जी साबित हुआ।
एक अधिकारी ने बताया कि बम निरोधक दस्ते और स्थानीय पुलिस ने गिर सोमनाथ जिले में स्थित सोमनाथ मंदिर परिसर तथा अहमदाबाद और गांधीनगर में भाजपा के कार्यालयों की गहन तलाशी ली, लेकिन इन स्थानों से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
अहमदाबाद के ‘सी-डिवीजन’ के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अद्वैत गांधी ने बताया कि कई स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी वाला यह ईमेल एक अज्ञात पते पर प्राप्त हुआ था, जिसके बाद राज्य खुफिया ब्यूरो (एसआईबी) ने स्थानीय पुलिस को सतर्क किया।
उन्होंने कहा कि अलर्ट मिलते ही बम निरोधक दस्ते और पुलिस की टीम को तुरंत संबंधित स्थलों पर रवाना कर दिया गया।
गांधी ने कहा, ‘शहर के खानपुर इलाके में स्थित भाजपा कार्यालय के अलावा, सोमनाथ मंदिर, गांधीनगर के कोबा में भाजपा मुख्यालय और दो-तीन अन्य स्थानों के संबंध में सूचनाएं मिली थीं। फिलहाल उन जगहों पर जांच अभियान जारी है।’
उन्होंने बताया कि ईमेल में ‘बम विस्फोट करने की बात’ कही गई थी।
एसीपी ने बताया कि खानपुर स्थित भाजपा कार्यालय में जांच पूरी कर ली गई है और वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। उन्होंने कहा कि ईमेल में मंदिर में विस्फोट की धमकी दिए जाने के कारण सोमनाथ में गहन जांच अभियान शुरू किया गया था।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप

Facebook


