सोमनाथ मंदिर भारत की आत्मा और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
सोमनाथ मंदिर भारत की आत्मा और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ भारत के सनातन धर्म, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय आत्मसम्मान का प्रतीक है।
गुप्ता ने गुजरात में सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर में पूजा-अर्चना की।
गुप्ता ने कैबिनेट मंत्रियों परवेश साहिब सिंह, मंजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा के साथ गुजरात के सोमनाथ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा।
गुप्ता ने कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ भारत की सनातन आस्था, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि सदियों तक हुए आक्रमणों और विध्वंस के बावजूद सोमनाथ को लेकर आस्था कभी नहीं झुकी और हर बार भारत की आध्यात्मिक शक्ति ने स्वयं को स्थापित किया।
गुप्ता ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के दृष्टिकोण के तहत देश आधुनिक विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और साथ ही अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी संरक्षित कर रहा है।
पुनर्निर्मित मंदिर को 1951 में श्रद्धालुओं के लिए पुनः खोल दिया गया था।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


