देहरादून, छह जुलाई (भाषा) ऋषिकेश में नशे के आदी एक युवक ने अपनी मां से कहासुनी के दौरान गुस्से में आकर कथित रूप से उन्हें गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, रविवार देर रात पशुलोक विस्थापित कॉलोनी में हुई घटना के बाद आरोपी सुमित गौड़ (32) खुद अपनी मां को अस्पताल लेकर पहुंचा जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गौड़ और उसकी मां उषा देवी (63) के बीच कहासुनी के दौरान आरोपी ने 12 बोर के तमंचे से उन पर गोली चला दी जिससे उनके माथे पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद गौड़ स्वयं उन्हें उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश ले गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि उषा देवी की हालत फिलहाल स्थिर है।
पीड़िता के बड़े पुत्र अमित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
भाषा दीप्ति वैभव
वैभव