सोरेन ने मुख्यमंत्री उत्कृष्टता विद्यालयों की संख्या बढ़ाने की योजना में तेजी लाने का निर्देश दिया
सोरेन ने मुख्यमंत्री उत्कृष्टता विद्यालयों की संख्या बढ़ाने की योजना में तेजी लाने का निर्देश दिया
रांची, 26 मई (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को राज्य में मुख्यमंत्री उत्कृष्टता विद्यालयों की संख्या बढ़ाकर 5,000 करने की कार्य योजना में तेजी लाने का मंगलवार को निर्देश दिया, ताकि वंचित तबके के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा सके।
मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से यह भी कहा कि अगले छह से आठ महीनों में यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्कूल में केवल एक ही शिक्षक के सहारे पढ़ाई न हो।
वर्तमान में, राज्य में 80 मुख्यमंत्री उत्कृष्टता विद्यालय संचालित हैं, जो निजी विद्यालयों के समान शिक्षा प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पंचायत के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। अगले छह से आठ महीनों के दौरान, यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि काई भी विद्यालय केवल एक ही शिक्षक के सहारे ना रहे।’’
सोरेन ने अधिकारियों को एक परीक्षण परियोजना के तहत परिवहन सुविधा संचालित करने का भी निर्देश दिया ताकि छात्रों को घर से स्कूल और वापस घर तक पहुंचाया जा सके।
सोरेन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘प्राथमिक शिक्षा और साक्षरता के कई क्षेत्रों में राज्य का प्रदर्शन बेहतर रहा है। मुख्यमंत्री उत्कृष्टता विद्यालयों के परिणाम भी इस बार बेहतर रहे हैं। शिक्षा के साथ-साथ बच्चे अन्य क्षेत्रों में भी प्रगति कर रहे हैं।’’
भाषा आशीष माधव
माधव

Facebook


