सोयाबीन तिलहन में सुधार, सरसों तेल-तिलहन में गिरावट, बाकी पूर्ववत
सोयाबीन तिलहन में सुधार, सरसों तेल-तिलहन में गिरावट, बाकी पूर्ववत
नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) विदेशी बाजारों में छुट्टियों के बीच कारोबार का स्तर काफी सुस्त बने रहने के कारण देश के तेल-तिलहन बाजार में शनिवार को सोयाबीन तेल, कच्चे पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तेल, मूंगफली तेल-तिलहन और बिनौला तेल के दाम स्थिर बने रहे। सरसों की बड़ी मिलों द्वारा दाम घटाये जाने के कारण सरसों तेल-तिलहन के दाम में गिरावट रही जबकि मंडियों में आवक कम रहने और मांग मजबूत बने रहने से सोयाबीन तिलहन के दाम में सुधार आया।
बाजार सूत्रों ने कहा कि ‘गुड फ्राइडे’ के कारण विदेशों में बाजार बंद रहे और कामकाज प्रभावित रहा। तमाम बहुराष्ट्रीय कंपनियां भी कामकाज से दूर दिखीं। ऐसे में बाजार के आगे की दिशा सोमवार को विदेशी बाजार के खुलने के बाद तय होगी।
उन्होंने कहा कि इस बार सरसों की उपज अच्छी है तथा सस्ता होने की वजह से इसकी मांग भरपूर बनी हुई है। पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण आयातित खाद्यतेलों के दाम मंहगे हैं और ऐसे में सरसों का अधिक उत्पादन का होना देश के लिए अच्छी खबर है। सरसों तेल का दाम पामोलीन से 7-8 रुपये लीटर सस्ता है जबकि सोयाबीन तेल से 20 रुपये लीटर और सूरजमुखी से लगभग 25 रुपये लीटर सस्ता है। सरसों की बड़ी मिलों द्वारा सरसों का दाम घटाने से सरसों तेल-तिलहन के दाम में गिरावट रही।
सूत्रों ने कहा कि आवक कम रहने और मांग मजबूत रहने से सोयाबीन तिलहन के दाम सुधार के साथ बंद हुए। लेकिन विदेशी बाजारों का कामकाज छुट्टियों के कारण कमजोर रहने से सोयाबीन तेल के साथ साथ पाम-पामोलीन और इसके दुष्प्रभाव से मूंगफली तेल-तिलहन और बिनौला तेल के दाम भी स्थिर बने रहे।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन – 6,925-6,950 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली – 7,300-7,775 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 17,650 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,785-3,085 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 14,725 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,440-2,540 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,440-2,585 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 16,825 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 16,225 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 13,475 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 13,725 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 15,450 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,675 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 14,625 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना – 5,800-5,850 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 5,475-5,550 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश माधव
माधव

Facebook


