एलएनजेपी अस्पताल में गर्मी से होने वाली बीमारियों के लिए विशेष वार्ड स्थापित किया गया : पंकज सिंह
एलएनजेपी अस्पताल में गर्मी से होने वाली बीमारियों के लिए विशेष वार्ड स्थापित किया गया : पंकज सिंह
नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने मंगलवार को लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में लू से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया और कहा कि लू लगने तथा इससे संबंधित स्थितियों से जूझ रहे मरीजों के इलाज के लिए एक समर्पित वार्ड बनाया गया है।
अस्पताल के दौरे के दौरान, सिंह ने राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते तापमान के बीच आपातकालीन व्यवस्थाओं, आईसीयू की तैयारियों, विशेष वार्डों और रोगी देखभाल सुविधाओं का निरीक्षण किया।
मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार और स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं ताकि मौजूदा लू की स्थिति के दौरान नागरिकों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
सिंह ने कहा, “दिल्ली की स्वास्थ्य प्रणाली लू से संबंधित आपात स्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि इस भीषण गर्मी में किसी भी नागरिक को कोई परेशानी न हो।”
मंत्री के अनुसार, एलएनजेपी अस्पताल में ‘गर्मी से संबंधित बीमारियों’ के लिए समर्पित वार्ड को आईसीयू सहायता, आपातकालीन देखभाल सुविधाओं, विशेष उपचार स्थानों और निर्जलीकरण, गर्मी से थकावट और गर्मी से संबंधित अन्य जटिलताओं से पीड़ित रोगियों के लिए रिकवरी बेड से सुसज्जित किया गया है।
उन्होंने कहा कि तेज बुखार और कई जटिलताओं वाले गंभीर लक्षणों वाले मरीजों को तत्काल उपचार दिया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित किया जा रहा है।
सिंह ने यह भी कहा कि लू के कारण मरीजों की संख्या में किसी भी तरह की वृद्धि से निपटने के लिए पर्याप्त बेड, आईसीयू सुविधाएं और आपातकालीन प्रणालियां तैयार रखी गई हैं।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


