महराजगंज में एसएसबी कर्मी के पति ने दो बच्चों की हत्या के बाद की आत्महत्या

महराजगंज में एसएसबी कर्मी के पति ने दो बच्चों की हत्या के बाद की आत्महत्या

महराजगंज में एसएसबी कर्मी के पति ने दो बच्चों की हत्या के बाद की आत्महत्या
Modified Date: March 8, 2026 / 03:11 pm IST
Published Date: March 8, 2026 3:11 pm IST

महराजगंज (उप्र), आठ मार्च (भाषा) सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की एक महिला कर्मी के पति ने रविवार को महराजगंज जिले में किराए के मकान में अपने दो नाबालिग बच्चों की कथित तौर पर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह गांधीनगर इलाके में दोमुहान घाट पर एसएसबी की 66वीं बटालियन में तैनात महिला कांस्टेबल के पति अमरेश कुमार (45) ने कथित तौर पर अपनी चार साल की बेटी कंचन और तीन साल के बेटे अमरेंद्र कुमार की हत्या कर दी और फिर कमरे में पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एसएसबी अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि कंचन का शव कमरे में ग्रिल से लटका पाया गया, जबकि अमरेंद्र का शव फर्श पर पड़ा था।

नौतनवा के पुलिस क्षेत्राधिकारी अंकुर कुमार गौतम ने बताया कि अमरेश कुमार का शव पंखे पर लगे फंदे से लटकता पाया गया। उन्होंने कहा कि पहली नजर में ऐसा लग रहा है कि अमरेश ने दोनों बच्चों की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली।

गौतम ने बताया कि एक फोरेंसिक टीम ने मौके से सुबूत इकट्ठा किये हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस महिला एसएसबी जवान के बारे में भी जानकारी इकट्ठा कर रही है और आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना किन हालात में हुई।

भाषा सं सलीम सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में