स्टालिन ने तिरुवरूर में चुनाव प्रचार की शुरुआत की; पलानीस्वामी और राजग पर निशाना साधा
स्टालिन ने तिरुवरूर में चुनाव प्रचार की शुरुआत की; पलानीस्वामी और राजग पर निशाना साधा
(फाइल फोटो सहित)
तिरुवरूर (तमिलनाडु), 31 मार्च (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए मंगलवार को अपना प्रचार अभियान शुरू किया और अन्नाद्रमुक प्रमुख पलानीस्वामी की आलोचना करते हुए कहा कि उनके पास कोई दीर्घकालिक दृष्टिकोण नहीं है।
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प्रमुख ने अपनी पार्टी और सहयोगी दलों के उम्मीदवारों का औपचारिक रूप से परिचय कराते हुए और उनके लिए समर्थन मांगते हुए आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का एकमात्र उद्देश्य तमिलनाडु के विकास में बाधा डालना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजग का उद्देश्य द्रविड़ मॉडल के तहत हुए विकास को खत्म करना है। स्टालिन ने कहा, ‘‘राजग का यही उद्देश्य है। राजग का नेतृत्व करने वाली भाजपा ने अन्नाद्रमुक को इसलिए खरीदा है क्योंकि तमिलनाडु में हमारे खिलाफ लड़ने की ताकत उनके पास नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तमिलनाडु में राजग की हार निश्चित है। विधानसभा चुनाव तमिलनाडु और दिल्ली-राजग के बीच की लड़ाई है।’’
स्टालिन ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) प्रमुख पलानीस्वामी को आसानी से डराकर पार्टी को अपने ‘‘गुलाम गठबंधन’’ में फंसा लिया।
द्रमुक की रैली के बाद, मुख्यमंत्री स्टालिन तिरुवरूर की सड़कों पर घूमे और लोगों से बातचीत करते हुए वोट मांगे।
भाषा आशीष माधव
माधव

Facebook


