स्टालिन हर छोटी-छोटी बात पर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर देते हैं: भाजपा नेता नागेंद्रन

Ads

स्टालिन हर छोटी-छोटी बात पर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर देते हैं: भाजपा नेता नागेंद्रन

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 03:26 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 03:26 PM IST

इरोड, 17 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पर केंद्र सरकार की हर पहल और नीति के प्रति विरोध का रुख अपनाने का शुक्रवार को आरोप लगाया।

नागेंद्रन ने दावा किया कि स्टालिन और उनकी सरकार का यह रुख 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की हार के डर का नतीजा है।

उन्होंने कहा, “हमारे मुख्यमंत्री हर छोटी-छोटी बात पर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर देते हैं। इन पांच वर्षों में उन्होंने जनता के लिए कोई योजना नहीं बनाई, सिर्फ अपने परिवार के आराम का ख्याल रखा। वह बस यही कहते आ रहे हैं कि हमारे और दिल्ली के बीच प्रतिस्पर्धा है।”

नागेंद्रन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के तमिलनाडु दौरे से पहले इरोड में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मोदी 18 अप्रैल को कोयंबटूर में एक भव्य जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि शाह 19 अप्रैल को मोदक्कुरिची निर्वाचन क्षेत्र में रोड शो निकालेंगे।

भाजपा नेता ने महिला आरक्षण संबंधी विधेयक के समय को उचित ठहराते हुए कहा कि इस पर एक दशक से अधिक समय से चर्चा हो रही थी और आजादी के बाद से देश की जनसंख्या वृद्धि को देखते हुए यह आवश्यक था।

नागेंद्रन ने राज्य सरकार के इस दावे को खारिज कर दिया कि विधेयक को संसद में जल्दबाजी में पारित कराया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया, “यह विधेयक जल्दबाजी में नहीं लाया गया है। एक चयन समिति पहले ही इसकी समीक्षा कर चुकी है और संसद में सभी पार्टियों के नेताओं के साथ इस पर चर्चा भी की जा चुकी है।”

भाषा जितेंद्र पारुल

पारुल