मैसूरु में सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब करने से रोकने के लिए स्टील के दर्पण लगाए गए
मैसूरु में सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब करने से रोकने के लिए स्टील के दर्पण लगाए गए
मैसूरु, आठ मई (भाषा) सड़कों के किनारे खुले में लोगों की पेशाब करने की आदत से परेशान मैसूरु नगर निगम ने इस प्रवृत्ति को रोकने के लिए फुटपाथों पर परावर्तक स्टील के दर्पण लगाने की एक अनोखी रणनीति अपनाई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, अपनी तरह की इस अनोखी पहल के तहत मैसूरु उपनगरीय बस अड्डे के सामने 80 मीटर के दायरे में दर्पण जैसी चमक वाली ‘स्टेनलेस स्टील’ की चादरें लगाई गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि ये परावर्तक स्टील की चादरें इस तरह लगाई गई हैं कि सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करने की कोशिश करने वाले व्यक्ति को अपना प्रतिबिंब दिखे ताकि वह मनोवैज्ञानिक रूप से हतोत्साहित हो और ऐसा करने से बचे।
अधिकारियों के अनुसार, ‘इसका मकसद स्वच्छता बनाए रखना, सार्वजनिक परेशानी को रोकना और नागरिक भावना को बढ़ावा देना है। प्रतिबिंब के माध्यम से आत्म-जागरूकता पैदा करने का यह एक सरल लेकिन मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण है।’
मैसूरु नगर निगम के प्रशासक और क्षेत्रीय आयुक्त नितेश पाटिल ने इस विचार के बारे में ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बस अड्डे के पास सार्वजनिक शौचालय होने के बावजूद कई लोग खुले में ही पेशाब करते हैं। उन्होंने बताया कि जुर्माने और चेतावनियों के बावजूद लोग खाली परिसर की दीवारों का उपयोग करने से बाज नहीं आ रहे थे, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैलती है। इसी समस्या को देखते हुए यह नया कदम उठाया गया है।
भाषा
प्रचेता पवनेश
पवनेश
पवनेश

Facebook


