‘डेफसैट’ सम्मेलन में रणनीतिक विशेषज्ञ, नीति निर्माता करेंगे अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी पर चर्चा
‘डेफसैट’ सम्मेलन में रणनीतिक विशेषज्ञ, नीति निर्माता करेंगे अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी पर चर्चा
नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) वरिष्ठ सैन्य नेता, नीति निर्माता, प्रौद्योगिकी भागीदार और उद्यमी अगले सप्ताह राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित होने वाले ‘डेफसैट’ के चौथे संस्करण में रक्षा क्षेत्र में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के उपयोग पर चर्चा करेंगे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यहां मानेकशॉ सेंटर में 24 से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस सम्मेलन का विषय ‘‘राष्ट्रीय सुरक्षा के केंद्र में अंतरिक्ष’’ है।
एक बयान में, सैटकॉम इंडस्ट्री एसोसिएशन इंडिया (एसआईए-इंडिया) के अध्यक्ष सुब्बा राव पावुलुरी ने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर 50 से अधिक देश अब सैन्य या दोहरे उपयोग वाले उपग्रहों का संचालन करते हैं और अंतरिक्ष अब निवारण और परिचालन तत्परता के लिए बहुत महत्वपूर्ण बन गया है।’
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के केंद्र में अंतरिक्ष को रखने का ‘डेफसैट’ का विषय इसे रणनीतिक सुरक्षा क्षेत्र के रूप में मान्यता देने की ओर एक बदलाव को दर्शाता है जिसे सिद्धांत, लचीलापन और समन्वित योजना की आवश्यकता है।
डेफसैट-2026 सम्मेलन में लगभग 20 देशों के 500 से अधिक प्रतिभागी और लगभग 60 संगठनों के 20 से अधिक वक्ता और प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें परिचालन सिद्धांत, औद्योगिक सहयोग, प्रौद्योगिकी लचीलापन और भू-राजनीतिक साझेदारी जैसे व्यापक विषयों पर चर्चा होगी।
यह सम्मेलन ऐसे समय में आयोजित किया जाएगा जब भारत ने वित्त वर्ष 2026-2027 के लिए अपना अब तक का सबसे बड़ा रक्षा बजट 7.85 लाख करोड़ रुपये घोषित किया है।
भाषा आशीष वैभव
वैभव

Facebook


