एसआईआर के लिए फर्जी दस्तावेज जमा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी : झारखंड सीईओ

एसआईआर के लिए फर्जी दस्तावेज जमा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी : झारखंड सीईओ

एसआईआर के लिए फर्जी दस्तावेज जमा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी : झारखंड सीईओ
Modified Date: June 26, 2026 / 12:10 pm IST
Published Date: June 26, 2026 12:10 pm IST

रांची, 26 जून (भाषा) झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए फर्जी दस्तावेज जमा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बृहस्पतिवार शाम सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों-सह-उपायुक्तों को भेजे गए एक पत्र में कहा कि एसआईआर अभियान के मद्देनजर कई जिलों से विभिन्न माध्यमों के जरिए फर्जी प्रमाणपत्र तैयार किए जाने की सूचनाएं मिल रही हैं।

कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के प्रावधानों के तहत तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि कोई भी नागरिक एसआईआर के उद्देश्य से फर्जी या अनधिकृत दस्तावेज प्राप्त न करे।

झारखंड में एसआईआर का कार्य 30 जून से 29 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाएंगे।

बृहस्पतिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य में एसआईआर के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी है। यह 20 जून से शुरू हुआ है और 29 जून तक जारी रहेगा।

सीईओ कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने बताया कि मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन पांच अगस्त को किया जाएगा तथा इस पर दावे और आपत्तियां पांच अगस्त से चार सितंबर तक स्वीकार की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन सात अक्टूबर को किया जाएगा।

कुमार ने कहा, ‘‘इस विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम उसमें शामिल न हो।’’

उन्होंने बताया कि 30 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक ‘चुनाव पाठशाला’ और ‘मतदाता जागरूकता मंचों’ के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से एसआईआर प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि इससे राज्य में पूर्णतः सटीक, त्रुटिरहित और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करने में मदद मिलेगी।

भाषा गोला वैभव

वैभव


लेखक के बारे में