तमिलनाडु में श्रमिक संगठनों की हड़ताल से बंदरगाह संचालन प्रभावित, श्रमिकों ने प्रदर्शन किया
तमिलनाडु में श्रमिक संगठनों की हड़ताल से बंदरगाह संचालन प्रभावित, श्रमिकों ने प्रदर्शन किया
थूथुकुडी (तमिलनाडु), 12 फरवरी (भाषा) केंद्र सरकार की कथित श्रमिक-विरोधी और किसान-विरोधी नीतियों के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल के कारण तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को श्रमिकों ने प्रदर्शन किया।
थूथुकुडी और चेन्नई में बंदरगाह संचालन इस हड़ताल से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ और ‘सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस’ (सीआईटीयू) सहित प्रमुख श्रमिक संगठनों ने प्रदर्शनों का नेतृत्व किया।
तूतीकोरिन में प्रदर्शनकारियों की एक सभा को संबोधित करते हुए सीआईटीयू के जिला सचिव रसेल ने दावा किया कि इस हड़ताल को व्यापक समर्थन मिला है, जिसमें देश भर में 30 करोड़ से अधिक किसान और मजदूर भाग ले रहे हैं।
रसेल ने कहा कि देश के सभी केंद्रीय श्रमिक संगठनों और किसान संगठनों ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल का आह्वान किया है और यह केंद्र सरकार के अधिकांश विभागों में पूरी तरह से जारी है।
सीआईटीयू नेता ने दावा किया कि थूथुकुडी स्थित वी ओ चिदंबरनार बंदरगाह पर परिचालन व्यापक रूप से प्रभावित हुआ है, जबकि चेन्नई बंदरगाह पर लगभग 40 प्रतिशत श्रमिक हड़ताल में शामिल हुए।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत

Facebook


