मोदी सरकार के 12 साल के शासन में विकसित भारत की मजबूत नींव रखी गई: नगालैंड के भाजपा नेता
मोदी सरकार के 12 साल के शासन में विकसित भारत की मजबूत नींव रखी गई: नगालैंड के भाजपा नेता
कोहिमा, 12 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नगालैंड इकाई के नेताओं ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए इसे परिवर्तनकारी शासन का युग बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में कल्याणकारी योजनाएं लोगों तक पहुंचाई गई, बुनियादी ढांचे का विकास हुआ, आर्थिक तरक्की हुई और दुनिया में भारत की भूमिका बढ़ी।
नगालैंड के भाजप मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य विधानसभा में पार्टी विधायक दल के नेता और उप मुख्यमंत्री यांथुंगो पैटन ने कहा कि 10 जून को मोदी ने भारत के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने का कीर्तिमान बनाया।
पैटन ने कहा कि मोदी ने लगातार 4,399 दिन तक देश के शासनाध्यक्ष पद पर रहते हुए जवाहरलाल नेहरू का कीर्तिमान तोड़ दिया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मोदी सरकार के 12 साल का शासन ‘‘भरोसे, विकास और जन-कल्याण’’ को समर्पित रहा है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने के साथ-साथ आधारभूत अवसंरचना, डिजिटल नवोन्मेष, सामाजिक कल्याण, आर्थिक विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में प्रगति लाने का श्रेय प्रधानमंत्री की ‘राष्ट्र प्रथम’ नीति को दिया।
भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए पैटन ने कहा कि हर महीने 81 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त अनाज मुहैया कराया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से ज्यादा घरों का निर्माण किया गया और जल जीवन मिशन के तहत 10.5 करोड़ से ज़्यादा ग्रामीण परिवारों को नल से जल की सुविधा दी गई।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है और 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर अग्रसर है।
राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए, पैटन ने भरोसा जताया कि मोदी देश को ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर ले जाना जारी रखेंगे।
नगालैंड के पर्यटन और उच्च शिक्षा मंत्री तथा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तेमजेन इमना अलॉन्ग ने मोदी के 12 साल के कार्यकाल को विकसित और आत्मनिर्भर भारत की नींव करार दिया ।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद का समय न केवल सरकार में बदलाव का प्रतीक है, बल्कि राष्ट्रीय चेतना में एक व्यापक पुनर्जागरण का भी सूचक है, जिसने भारत की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और वैश्विक पहचान को एक नई दिशा दी है।
भाषा धीरज संतोष
संतोष

Facebook


