कर्नाटक के एक आवासीय स्कूल में छात्र ने सहपाठियों पर हमला किया, एक की मौत
कर्नाटक के एक आवासीय स्कूल में छात्र ने सहपाठियों पर हमला किया, एक की मौत
बल्लारी (कर्नाटक), आठ मार्च (भाषा) बल्लारी के एक निजी आवासीय विद्यालय में नौंवी कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर हमला करके एक व्यक्ति की हत्या कर दी और अन्य को एक नुकीली वस्तु व लोहे की छड़ से घायल कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार रात स्कूल के छात्रावास में घटी।
मृतक लड़का आंध्र प्रदेश का निवासी था। शव को पोस्टमार्टम के लिए ‘विजयनगर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ (वीआईएमएस), बल्लारी ले जाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, घटना के पीछे के मकसद और उसमें इस्तेमाल किए गए हथियार का पता लगाने के लिए जांच जारी है। आरोपी छात्र घटनास्थल से तुरंत फरार हो गया और उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
बल्लारी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) पी एस हर्षा ने बताया, ‘शनिवार रात नौ छात्र एक सामाजिक विज्ञान शिक्षक (जो छात्रावास वार्डन भी थे) की निगरानी में थे। छात्र (आरोपी) ने क्रोधित होकर सभी पर अंधाधुंध हमला कर दिया… दुर्भाग्यवश, एक छात्र की मृत्यु हो गई और सात अन्य का इलाज चल रहा है।’
यहां पत्रकारों को उन्होंने बताया कि शिक्षक का बयान दर्ज कर लिया गया है और प्रारंभिक जांच की जा चुकी है।
हमले में गंभीर रूप से घायल हुए छात्र की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।
ब्रूसपेट थाने में मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


