हैदराबाद, दो अक्टूबर (भाषा) तेलंगाना में हैदराबाद के एक होटल में आयोजित डांडिया कार्यक्रम के दौरान 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र पर कथित तौर पर लोगों के एक समूह ने हमला कर दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना 29 सितंबर की है। छात्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह दो दोस्तों के साथ कार्यक्रम में गया और डांडिया खेल रहा था, तभी दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे मामूली चोटें आईं।
पंजागुट्टा थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
हमले के कारणों के बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने कहा कि दोनों व्यक्तियों को संदेह था कि छात्र ने कार्यक्रम में शामिल कुछ महिलाओं के साथ ‘दुर्व्यवहार’ किया था, लेकिन वास्तव में उसने ऐसा कोई कृत्य नहीं किया था।
कुछ खबरों में दावा किया गया कि छात्र से उसका नाम पूछा गया और दूसरे समुदाय से होने के कारण कुछ लोगों ने उस पर हमला किया । इस बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने इससे इनकार किया।
भाषा नोमान मनीषा
मनीषा