सुधाकरन ने चुनाव लड़ने से पहले वेल्लापल्ली नतेशन से मुलाकात की
सुधाकरन ने चुनाव लड़ने से पहले वेल्लापल्ली नतेशन से मुलाकात की
अलप्पुझा, 16 मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बागी नेता जी सुधाकरन ने सोमवार को अंबालापुझा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद श्री नारायण धर्म परिपालन योगम (एसएनडीपी योगम) के पूर्व महासचिव वेल्लापल्ली नतेशन से मुलाकात की।
सुधाकरन कणिचुकुलंगरा स्थित नतेशन के आवास पहुंचे और वहां करीब आधा घंटे तक रहे। एसएनडीपी योगम एझवा समुदाय का प्रतिनिधित्व करता है, जिसकी अंबालापुझा क्षेत्र में अच्छी खासी मौजूदगी है।
नतेशन ने मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि सुधाकरन ने उन्हें चुनाव लड़ने के अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हालांकि इस दौरान सुधाकरन ने उनसे किसी तरह के समर्थन की मांग नहीं की।
उन्होंने कहा, “मेरी तबीयत ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने मुझसे ज्यादा बात नहीं करने को कहा। बाद में वह मेरी पत्नी से मिले और लौट गए।”
केरल उच्च न्यायालय ने हाल में कंपनी अधिनियम के तहत वैधानिक प्रावधानों का पालन नहीं करने के कारण एसएनडीपी योगम के सभी पदाधिकारियों और निदेशक मंडल को अयोग्य घोषित कर दिया था, जिसमें इसके महासचिव वेल्लापल्ली नतेशन भी शामिल थे।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह सुधाकरन का समर्थन करेंगे, नतेशन ने कहा कि यह स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि यह अभी सामने आना बाकी है कि सुधाकरन को संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का समर्थन मिलेगा या वह किसी भी मोर्चे के समर्थन के बिना चुनाव लड़ेंगे।
नतेशन ने कहा कि सुधाकरन जिले में लोकप्रिय नेता हैं और मतदाताओं के बीच उनकी अच्छी छवि है, हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्हें सभी पद पार्टी के माध्यम से ही मिले थे।
उन्होंने कहा कि सुधाकरन की उम्मीदवारी का प्रभाव अंबालापुझा के बाहर माकपा पर नहीं पड़ेगा।
सुधाकरन ने आरोप लगाया है कि माकपा कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर उनके और उनके परिवार के खिलाफ हमले किए तथा जिला नेतृत्व ने उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया, जिसके चलते उन्होंने पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराने का फैसला किया।
माकपा ने अंबालापुझा सीट से मौजूदा विधायक एच सलाम को उम्मीदवार बनाया है।
केरल में नौ अप्रैल को मतदान होगा।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


