गर्मी: रांची चिड़ियाघर में एयर कूलर लगाए गए और जानवरों के खाने में किया गया बदलाव
गर्मी: रांची चिड़ियाघर में एयर कूलर लगाए गए और जानवरों के खाने में किया गया बदलाव
रांची, 18 अप्रैल (भाषा) झारखंड के रांची स्थित बिरसा चिड़ियाघर के अधिकारियों ने बढ़ते तापमान से जानवरों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए हैं।
एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि चिड़ियाघर में एयर कूलर लगाए गए हैं और मौसमी फल, मल्टीविटामिन व ग्लूकोज सप्लीमेंट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब झारखंड के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है और भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 20 और 21 अप्रैल के लिए लू की चेतावनी जारी की है।
भगवान बिरसा जैविक पार्क के पशु चिकित्सक ओपी साहू ने बताया कि जानवरों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए पहले से ही कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शेर, बाघ और तेंदुए जैसे मांसाहारी जानवरों के लिए एयर कूलर लगाए गए हैं, जो गर्मियों में अधिक संवेदनशील होते हैं।
साहू ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमने बाड़ों के ऊपरी हिस्सों को धान के भूसे से ढक दिया है ताकि उन्हें छाया मिल सके। चिड़ियाघर में फिलहाल सात बाघ और तीन शेर हैं।”
उन्होंने बताया कि शाकाहारी जानवरों में पानी की कमी पूरे करने के लिए तरबूज और खीरे जैसे मौसमी फल, मल्टीविटामिन, पीने का पानी व ग्लूकोज दिए जा रहे हैं। साहू ने बताया कि पक्षियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिन्हें तरबूज और आम जैसे फल व विटामिन बी कॉम्प्लेक्स सप्लीमेंट दिए जा रहे हैं।
ओरमंझी में 104 हेक्टेयर में फैले इस चिड़ियाघर में स्तनधारियों, सरीसृपों और पक्षियों सहित 83 प्रजातियों के लगभग 1,450 जानवर हैं।
मौसम विभाग ने 20 अप्रैल को सात जिलों और 21 अप्रैल को नौ जिलों में लू की स्थिति को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
प्रभावित होने वाले जिलों में गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।
शुक्रवार को डाल्टनगंज में राज्य का सबसे अधिक तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बोकारो और रांची में क्रमशः 38.2 डिग्री सेल्सियस और 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, “अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। मौसम शुष्क रहेगा।”
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन

Facebook


