नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) आमिर खान प्रोडक्शंस ने मंगलवार को ‘बटवारा 1947’ का मोशन पोस्टर जारी किया, जो विभाजन पर आधारित एक ड्रामा फिल्म है जिसमें अभिनेता सनी देओल मुख्य भूमिका में हैं।
इस फिल्म का निर्देशन फिल्म निर्माता राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
वर्ष 1947 की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म ‘नफरत और भय के दौर में साहस का मार्ग चुनने वाले एक नायक की कहानी’ प्रस्तुत करती है। पहले इसका शीर्षक ‘लाहोर 1947’ था।
फिल्म में शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर जैसे कलाकार शामिल हैं।
अभिनेता आमिर खान के स्वामित्व वाले स्टूडियो ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर मोशन पोस्टर साझा किया।
स्टूडियो ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘नफरत और भय के दौर में, उन्होंने साहस को चुना। ‘बटवारा 1947′ 14 अगस्त 2026 से सिनेमाघरों में देखें।’
‘बटवारा 1947’ में संतोषी और सनी देओल 30 साल बाद एक साथ नज़र आएंगे। फिल्म निर्माता-अभिनेता की यह जोड़ी पहले ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में साथ काम कर चुकी है।
आमिर खान ने अपर्णा पुरोहित के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है। फिल्म में ए आर रहमान ने संगीत दिया है और गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं।
भाषा तान्या वैभव
वैभव