टीवीके को समर्थन राष्ट्रपति शासन को रोकने, विजय को सरकार बनाने में मदद के लिए है: वीसीके प्रमुख
टीवीके को समर्थन राष्ट्रपति शासन को रोकने, विजय को सरकार बनाने में मदद के लिए है: वीसीके प्रमुख
चेन्नई, नौ मई (भाषा) विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी तमिलनाडु में राष्ट्रपति शासन लागू होने को रोकने और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को मिले जनादेश का सम्मान करते हुए सरकार गठन में विजय की पार्टी का समर्थन करेगी।
थिरुमावलवन ने कहा कि सरकार गठन में व्याप्त अनिश्चितता के कारण, विशेष रूप से टीवीके के पास अकेले सरकार बनाने के लिए साधारण बहुमत न होने और किसी अन्य राजनीतिक दल के 118 सीटों के जादुई आंकड़े के करीब न होने के चलते टीवीके के सरकार बनाने के प्रयासों में उसका समर्थन करना आवश्यक था।
टीवीके के महासचिव अधव अर्जुन को समर्थन पत्र सौंपने के कुछ ही घंटों बाद, वीसीके के संस्थापक ने कहा कि उनकी पार्टी का निर्णय वामपंथी दलों के निर्णय के अनुरूप है।
थिरुमावलवन ने प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘हमारे रुख के कारण द्रमुक के साथ हमारे संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ेगा, बल्कि इससे विजय को सरकार बनाने में मदद मिलेगी और राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू होने से भी रोका जा सकेगा।’’
उन्होंने कहा कि वह द्रमुक के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन में बने रहेंगे।
वीसीके प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी का रुख पहले ही द्रमुक प्रमुख एम.के. स्टालिन को बता दिया गया था, जिन्होंने वीसीके और वामपंथी दलों के सर्वसम्मत निर्णय पर सहमति जताई थी।
वीसीके नेता ने कहा, ‘‘हमने एक राजनीतिक दल के रूप में अपनी स्वतंत्रता का प्रयोग किया और राज्य के दीर्घकालिक दृष्टिकोण को भी ध्यान में रखते हुए टीवीके को बिना शर्त समर्थन दिया।’’
भाषा शफीक माधव
माधव

Facebook


